राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के दौरान शनिवार को तनाव की स्थिति बन गई। अधिकारियों के मुताबिक, आकाशवाणी भवन के पास इम्तियाज अली मार्ग पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग गिराने के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों पर पथराव किया।
इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, उनको आरएमएल अस्पताल ले जाया गया है। वहीं कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आयोजित किया गया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोकने के लिए राजधानी के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी।
बैरिकेडिंग पार कर पुलिस पर पथराव का आरोप
अधिकारियों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे इम्तियाज अली मार्ग पर लगभग 25 से 30 प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार की। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने सुरक्षा कर्मियों पर पत्थर फेंके। इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया। हालांकि, पथराव में शामिल लोगों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य विवरणों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
कनॉट प्लेस में प्रदर्शन के दौरान पथराव, पुलिसकर्मी घायल
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी द्वारा बुलाए गए विरोध प्रदर्शन के बीच कनॉट प्लेस में पथराव की घटना सामने आई है। इस घटना में एक पुलिस अधिकारी के घायल होने की खबर है।
दिल्ली में करीब 500 लोग हिरासत में
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे करीब 500 लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रशासन ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी और नई दिल्ली जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। कुछ लोग सुरक्षा घेरा पार कर दोबारा एकत्र होने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया। कनॉट प्लेस सहित कई इलाकों से भी लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई, जबकि कुछ प्रदर्शनकारियों को वापस भेज दिया गया।
सुबह 10:30 बजे शुरू होना था प्रदर्शन
सीजेपी का प्रदर्शन शनिवार सुबह 10:30 बजे शुरू होने वाला था। हालांकि, निषेधाज्ञा लागू होने और पुलिस की तैनाती के कारण प्रदर्शनकारी निर्धारित स्थान तक नहीं पहुंच सके। पुलिस ने जंतर-मंतर की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों और चौराहों पर सुरक्षा बल तैनात किए थे। अधिकारियों के मुताबिक, नई दिल्ली जिले को 20 सेक्टर में बांटा गया था, जहां वरिष्ठ अधिकारी हालात पर नजर रख रहे थे।
एयरपोर्ट पर भी हिरासत में लिए गए CJP के नेता
प्रदर्शन से पहले सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को भी दिल्ली पहुंचने पर एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए गया। प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर दूसरे स्थानों पर ले जाते समय कुछ लोग पुलिस के खिलाफ नारे लगाते रहे। हिरासत में लिए जा रहे कुछ प्रदर्शनकारियों ने 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारे भी लगाए।