परिसीमन बिल को लेकर विरोध के सुर तेज हो रहे हैं। कॉकरोचइ जनता पार्टी (सीजेपी) ने रविवार को इस विधेयक का विरोध करते हुए इसे देश के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया। पार्टी का आरोप है कि परिसीमन के नाम पर लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह बदली जा सकती हैं, जिससे भाजपा को चुनावी फायदा मिले और मतदाताओं के लिए सरकार बदलना मुश्किल हो जाए। पार्टी ने साफ कहा कि वह महिलाओं को उनकी आबादी के अनुपात में 50 प्रतिशत आरक्षण देने के पक्ष में है, लेकिन इसके लिए लोकसभा की सीटें बढ़ाने या परिसीमन का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। यह आरक्षण मौजूदा 543 सदस्यीय लोकसभा में ही तुरंत लागू किया जाना चाहिए।
दिल्ली के प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास ने कहा कि परिसीमन बिल, मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और 'एक देश, एक चुनाव' लागू होने पर भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के नियंत्रण वाला परिसीमन आयोग निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में मनमाने बदलाव कर सकता है। इसके लिए उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का उदाहरण दिया। दास ने आयोग के फैसलों को न्यायिक समीक्षा से बाहर रखने के प्रस्ताव पर भी आपत्ति जताई। उनका दावा है कि इससे आयोग के फैसलों को अदालत में चुनौती देना मुश्किल हो जाएगा।
क्या परिसीमन से मतदाताओं की ताकत कम हो सकती है?
सौरव दास ने आरोप लगाया कि अगर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं राजनीतिक फायदे को ध्यान में रखकर बदली गईं तो मतदाताओं के वोट का असर कम हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि लोग भाजपा के खिलाफ वोट देना भी चाहें तो उनके पास सरकार बदलने की ताकत नहीं बचेगी। दास ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार विधेयक पारित कराने के लिए बूथ और घरों के स्तर पर जुटाए गए मतदाता आंकड़ों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने 'खरीद-फरोख्त और दबाव' के जरिये जरूरी संख्या जुटाने का आरोप भी लगाया। दास ने खासतौर पर दक्षिण भारत के विपक्षी दलों से बिल के खिलाफ वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसके समर्थन में मतदान करना या मतदान से दूर रहना, दोनों संविधान के साथ विश्वासघात होगा।
850 सांसद होने से युवाओं की समस्याएं कैसे हल होंगी?
दास ने लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाने की जरूरत पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश की करीब 60 प्रतिशत आबादी 35 साल से कम उम्र की है, लेकिन संसद में इस आयु वर्ग के सांसदों की संख्या केवल करीब पांच प्रतिशत है। उनके मुताबिक, मौजूदा सांसदों में 90 प्रतिशत से ज्यादा की उम्र 41 साल से अधिक है और सांसदों की औसत उम्र 56 साल है। उन्होंने सवाल किया कि जब 543 सांसद युवाओं की समस्याएं हल नहीं कर पा रहे तो 850 सांसद होने से क्या गारंटी मिल जाएगी कि उनकी समस्याओं पर ध्यान दिया जाएगा? दास ने कहा कि संसद का विशेष सत्र बेरोजगारी, नीट पेपर लीक, शिक्षा सुधार, वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे मुद्दों पर चर्चा के लिए क्यों नहीं बुलाया गया?
लोकसभा सीटें बढ़ने से मंत्रियों की संख्या और खर्च कितना बढ़ेगा?
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी लोकसभा और मंत्रिपरिषद के विस्तार पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर दावा किया कि सरकार 68 मंत्रियों वाली मंत्रिपरिषद पर हर साल करीब 620 करोड़ रुपये खर्च करती है। उनके मुताबिक, प्रति मंत्री औसत सालाना खर्च करीब 9.1 करोड़ रुपये है। दिपके ने कहा कि परिसीमन के बाद मंत्रिपरिषद की अधिकतम संख्या 81 से बढ़कर 122 हो सकती है। यानी 41 अतिरिक्त मंत्री बनाए जा सकेंगे और इससे सरकारी खजाने पर सालाना करीब 374 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा और मंत्रिपरिषद का विस्तार होने से नेताओं पर खर्च बढ़ेगा, जबकि आम लोगों को इसका लाभ नहीं मिलेगा।
महिला आरक्षण और आपराधिक मामलों पर पार्टी ने क्या कहा?
सीजेपी ने कहा कि वह महिलाओं को उनकी आबादी के अनुपात में 50 प्रतिशत आरक्षण देने का समर्थन करती है। पार्टी की मांग है कि इसे मौजूदा 543 सदस्यीय लोकसभा में ही तुरंत लागू किया जाए। दास ने आरोप लगाया कि सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले परिसीमन को आगे बढ़ाने के लिए महिला आरक्षण विधेयक का सहारा ले रही है। उन्होंने सांसदों के खिलाफ आपराधिक मामलों का मुद्दा भी उठाया। उनका दावा है कि मौजूदा सांसदों में करीब आधे के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि 31 प्रतिशत सांसदों पर दुष्कर्म और हत्या जैसे गंभीर आरोप हैं। दास ने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और डॉ. भीमराव आंबेडकर के अहिंसा और लोकतांत्रिक मूल्यों का हवाला देते हुए जनप्रतिनिधियों से राजनीतिक हितों से ऊपर उठकर युवाओं और महिलाओं के मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की।