मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान हंगामा देखने को मिला। दरअसल विरोध प्रदर्शन के लिए मुंबई के शिवाजी पार्क पहुंचे सीजेपी कार्यकर्ताओं को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। कॉकरोच जनता पार्टी ने चुनाव आयोग के खिलाफ शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन का एलान किया था। इसके लिए सीजेपी समर्थक शिवाजी पार्क पहुंचे थे। हालांकि स्थानीय लोगों ने इस पर आपत्ति जताई। हंगामे को देखते हुए शिवाजी पार्क में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
स्थानीय लोगों ने क्यों जताई आपत्ति?
स्थानीय निवासियों ने पार्क को प्रदर्शन स्थल के रूप में इस्तेमाल किए जाने पर आपत्ति जताई है और कहा कि इससे आम लोगों को परेशानी होगी। एक स्थानीय निवासी ने कहा, 'हम यहां इस पार्क में टहलने के लिए आते हैं, लेकिन हाल के दिनों में यहां लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। आम लोगों को हो रही परेशानी की जिम्मेदारी कौन लेगा? यह गलत है। अगर किसी मुद्दे पर प्रदर्शन करना है तो ठीक है, लेकिन सरकार ने इसके लिए आजाद मैदान निर्धारित किया है।'
एक अन्य स्थानीय ने कहा, 'हम इसी इलाके में रहते हैं। आज यहां भारी पुलिस बल तैनात है और मंच भी तैयार किया गया है। यहां की स्थानीय एसोसिएशनों ने शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि यहां किसी भी तरह के प्रदर्शन की अनुमति न दी जाए। आसपास स्कूल और अस्पताल हैं, जिससे असुविधा होती है। हमारी मांग है कि ये लोग प्रदर्शन के लिए आजाद मैदान जाएं।'