सोशल मीडिया पोस्ट के चलते विमानों में लगातार मिल रही बम की धमकियों के चलते नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बुधवार को एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने सोमवार को नागरिक उड्डयन ब्यूरो, सीआईएसएफ और हवाईअड्डा सुरक्षा के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस संबंध में बैठक की थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमने कई ऐसे कई अकाउंट को निलंबित कर दिया है, जो सोशल मीडिया पर विमानों में बम होने की धमकी दे रहे थे। पुलिस अधिकारी के अनुसार, कुछ धमकियां लंदन और अन्य देशों से आई थीं।
हवाईअड्डा सुरक्षा में तैनात एक अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कई सेक्टरों में बम की कई धमकियां मिली हैं। संबंधित पुलिस अधिकारियों को भी बम की धमकी भरे कॉल के बारे में सूचित कर दिया गया है, ताकि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। अधिकारी ने कहा कि उनके लिए हर खतरा महत्वपूर्ण है। वह इसे नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं, क्योंकि यह यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है।
सिंगापुर जा रहे विमान में भी बम होने का एअर इंडिया को मिला मेल
सिंगापुर के रक्षा मंत्री डॉ. एनजी इंग हेन ने एक्स पर कहा, 'एअर इंडिया एक्सप्रेस को एक ईमेल मिला कि सिंगापुर जा रहे विमान AXB684 में बम है। हमारे दो RSAF F-15SGs ने कड़ी मशक्कत की और विमान को आबादी वाले इलाकों से दूर ले गए। आखिरकार आज रात लगभग 10.04 बजे सिंगापुर चांगी हवाईअड्डे पर सुरक्षित रूप से उतरे। हमारे ग्राउंड बेस्ड एयर डिफेंस (जीबीएडी) सिस्टम और एक्सप्लोसिव ऑर्डनेंस डिस्पोजल (ईओडी) भी सक्रिय हो गए। जमीन पर उतरने के बाद विमान को एयरपोर्ट पुलिस को सौंप दिया गया। जांच जारी है।'
पांच घंटे में 22 विमानों में मिलीं बम की धमकियां
बता दें कि मंगलवार को एक्स के जरिये एक पोस्ट में पांच घंटे में 22 अलग-अलग फ्लाइटों में बम की धमकी दी गई। इसके बाद यात्रियों और एयरलाइन स्टाफ में हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एयर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर-बंगलूरू वाया अयोध्या फ्लाइट (IX765) में बम की धमकी दी गई। इस विमान को अयोध्या में उतारा गया और जांच की गई। इसके अलावा स्पाइसजेट के दरभंगा-मुंबई विमान (SG116) और अकासा के सिलीगुड़ी-बंगलूरू विमान (QP 1373) में भी बम होने की धमकी मिली। सूचना मिलने तक यह दोनों विमान लैंड कर चुके थे। एयरपोर्ट पर दोनों विमानों की सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस बल ने जांच की।
इसके अलावा एअर इंडिया की दिल्ली से शिकागो जा रही फ्लाइट AI127 में भी बम होने की धमकी दी गई। यह फ्लाइट शिकागो रवाना हो चुकी थी। सूचना मिलने पर विमान को कनाडा के इकालुइट एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। यहां फ्लाइट की जांच की गई। इसके अलावा अन्य विमानों में भी बम की धमकियां दी गईं। अधिकारियों के मुताबिक सभी धमकियां फर्जी निकलीं। इससे पहले सोमवार को 10 विमानों में बम की धमकियां मिली थीं।
मुंबई पुलिस ने छत्तीसगढ़ से पिता-पुत्र को किया तलब
मुंबई पुलिस ने छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से पिता-पुत्र और एक अन्य व्यक्ति को नोटिस जारी कर तीन विमानों को सोशल मीडिया पोस्ट पर बम की धमकी देने के संबंध में पूछताछ में शामिल होने के लिए कहा है। बता दें कि मुंबई से आने वाली तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में सोमवार को बम की धमकी मिली थी। इसमें न्यूयॉर्क जाने वाली एअर इंडिया की एक उड़ान को नई दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया था, जबकि इंडिगो द्वारा संचालित दो अन्य उड़ानों में कई घंटे की देरी हुई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी विमान में बम जैसी कोई भी चीज नहीं मिली थी।
संबंधित वीडियो