Ram M. Naidu: विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने सुरक्षित हवाई यात्रा और यात्रियों की सुरक्षा और उनके लिए सुविधा की समीक्षा के लिए देश के हवाई अड्डों के निदेशों के साथ उच्च स्तरीय बैठकें कीं। मंत्री ने अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान हादसे की जांच को लेकर अटकलों से बचने को कहा।
विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने गुरुवार को बताया कि उन्होंने देशभर के हवाई अड्डों के निदेशकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बातचीत की, ताकि यात्रियों की सुरक्षा और हवाई यात्रा के संचालन में स्थिरता को प्राथमिकता दी जा सके। मंत्री ने बताया कि उन्होंने निर्देश दिए हैं कि एयरलाइन के साथ बेहतर तालमेल रखा जाए, टर्मिनल पर जरूरी सामान की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और मौसम, सुरक्षा जांच या हवाई क्षेत्र बंद होने की स्थिति में यात्रियों की मदद के लिए तत्काल प्रतिक्रिया देने वाली टीमें तैनात की जाएं।
विज्ञापन
नायडू ने कहा, मैंने एअर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा जैसी प्रमुख एयरलाइन के साथ उच्च स्तरीय बैठकें कीं, ताकि उनके सुरक्षा मानकों, संचालन की तैयारी और यात्री अनुभव का मूल्यांकन किया जा सके। उन्होंने कहा, मैंने एयरलाइन के बेहतर संचार, जमीनी स्तर पर तालमेल और संकट की स्थिति में प्रभावी प्रंबंधन करने के निर्देश दिए। बेहतर निगरानी के लिए अब नियमित रूप से संचालन की समीक्षा की व्यवस्था की जा रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, हमारी पारदर्शिता निगरानी नीति के तहत एएआईबी द्वारा अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान हादसे की जांच जारी है। दोनों ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिए गए हैं और एएआईबी की सुरक्षित निगरानी में हैं। उनका विश्लेषण जारी है। नायडू ने कहा, इस तरह के संवेदनशील मामलों पर अटकलें लगाने से बचने की अपील की जाती है और आग्रह है कि जांच प्रक्रिया को गंभीरता और पेशेवर तरीके से आगे बढ़ने दिया जाए।