नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी
- फोटो : पीटीआई
भारत सरकार ने फैसला किया है कि कोरोना वायरस लॉकडाउन की वजह से विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए शुरू किए गए वंदे भारत मिशन में अभी तक संचालित की जा रही उड़ानों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी। यह फैसला विदेशों में मौजूद भारतीय नागरिकों की ओर से देश वापसी के लिए आवेदनों की बढ़ती संख्या के चलते लिया गया है।
नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को ट्वीट किया, 'वंदे भारत मिशन का दायरा विस्तृत करने के लिए अहम फैसले लिए गए हैं। इसके अनुसार तत्काल प्रभाव से मिशन के तीसरे चरण में अब से 30 जून तक यूरोप के लिए 80 उड़ानों का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही 10 उड़ानें अमेरिका और कनाडा के लिए होंगी।' बता दें कि अमेरिका और कनाडा के लिए 70 उड़ानें पहले ही तय हैं।
पुरी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों के लिए अब से 30 जून के बीच 58 अतिरिक्त उड़ानों का प्रबंध किया गया है। इसमें तत्काल प्रभाव से वंदे भारत मिशन के तीसरे फेज में पहले तय की गईं 107 उड़ानों के स्थान पर अब 165 उड़ानों का संचालन किया जाएगा।
एक अन्य ट्वीट में पुरी ने कहा, अभी तक 70 हजार से ज्यादा भारतीय नागरिक देश वापस आ चुके हैं और करीब 17 हजार लोग भारत से बाहर गए हैं। इसके अलावा डीजीसीए से अनुमति प्राप्त 730 चार्टर उड़ानों से 1.1 लाख लोग देश से बाहर गए हैंऔर 55 हजार भारतीय नागरिक वापस आए हैं। ऐसी और उड़ानों को अनुमति देने की प्रक्रिया पर काम हो रहा है।