आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम एयरपोर्ट पर सत्तारुढ़ टीडीपी सांसद की बदतमीजी का मामला थम नहीं रहा है। सिविल एविएशन मिनिस्ट्र गजपति राजू ने अपनी ही पार्टी के सांसद जेसी दिवाकर रेड्डी और फ्लाइट क्रू के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। टीवी रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने जांच के तीन सदस्यों के एक पैनल का गठन किया है।
उन्होंने ट्विटर पर कहा कि वे मामले की गंभीरता से जांच के बाद सही वजहें सामने आएंगी और इतना ही नहीं कानून अपना पूरा काम करेगा। उन्होंने इस बात को भी नकार दिया है कि रेड्डी के फ्लाइट में जाने को लेकर फ्लाइट मेंबर्स से उनकी कोई बात हुई थी। बता दें कि सांसद जेसी दिवाकर रेड्डी ने गुरुवार को विशाखापट्टनम एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया।
इस पर पूर्व अधिकारी गोहेन ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सिक्योरिटी के साथ खिलवाड़ करना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि सांसदों को अपनी सीमाओं में रहना चाहिए। सांसद जेसी दिवाकर रेड्डी से जब एयरलाइन बैन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार करते हुए केवल 'सॉरी' कहा।
सूत्रों के मुताबिक देरी से पहुंचने पर सांसद को फ्लाइट पर जाने की इजाजत नहीं दी गई तो सांसद भड़क उठे और वहां तोड़फोड़ तक कर डाली। हंगामे के बाद रेड्डी को उस विमान में जाने की इजाजत तो दे दी गई। बाद में इंडिगो एयरलाइंस ने रेड्डी के अपने विमानों में यात्रा करने पर रोक लगा दी। इंडिगो के साथ ही एयर इंडिया, स्पाइस जेट और जेट एयरवेज ने भी रेड्डी को अपने विमानों में यात्रा करने से रोक दिया है।