स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सीआईएसएफ की तैनाती
- फोटो : ANI
गुजरात के मशहूर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की जिम्मेदारी अब सीआईएसएफ को सौंप दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के 272 जवानों ने यहां सुरक्षा का जिम्मा संभाल लिया है।
बता दें कि सीआईएसएफ के जवान हवाई अड्डों और दिल्ली मेट्रो समेत देश के कई महत्वपूर्ण जगहों की सुरक्षा करते हैं। राजधानी दिल्ली की तमाम सरकारी इमारतों की सुरक्षा का जिम्मा भी सीआईएसएफ के पास ही है। अब इस सुरक्षा बल के जवान स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इसके साथ ही अब सीआईएसएफ के जिम्मे पूरे देश में 350 इकाइयों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आ गई है।
फिलहाल स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के परिसर में अभी पर्यटकों का प्रवेश बंद है, जिसे दो सितंबर से खोले जाने की संभावना है। बता दें कि राज्य सरकार ने कुछ महीने पहले कोविड-19 महामारी को देखते हुए आगंतुकों के प्रवेश पर रोक लगा दिया था।