MOU पर NIA की ओर से श्रीजीत टी एसपी तथा CISF की ओर से विशाल दुबे, वरिष्ठ कमांडेंट ने हस्ताक्षर किए।
- फोटो : अमर उजाला
अपने कर्मियों के कल्याण को सुदृढ़ करते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत नई दिल्ली स्थित मैदानगढ़ी में स्थित 167 नवीन निर्मित आवासीय क्वार्टर तथा एक सामुदायिक भवन, सीआईएसएफ को 15 वर्षों के लिए 'निःशुल्क आधार' पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इन क्वार्टरों में 15 टाइप-IV, 77 टाइप-III और 75 टाइप-II शामिल हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा अनुमोदित इस एमओयू पर एनआईए की ओर से श्रीजीत टी एसपी तथा सीआईएसएफ की ओर से विशाल दुबे, वरिष्ठ कमांडेंट ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर सीआईएसएफ मुख्यालय के एडीजी विजय प्रकाश एवं एनआईए के आईजी संतोष रस्तोगी सहित दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सीआईएसएफ की जिम्मेदारियों में हो रहे निरंतर विस्तार के साथ, आवासीय सुविधा प्राप्ति कर्मियों के प्रमुख कल्याण बिंदुओं में से एक बन गई है। दिल्ली में एमएचए-वित्तपोषित विभिन्न संस्थानों में तैनात सीआईएसएफ इकाइयों की संख्या अधिक है, जहाँ आधिकारिक आवास की मांग भी अधिक रहती है। एनआईए के इन आवासीय क्वार्टरों का आवंटन, दिल्ली एनसीआर में तैनात सीआईएसएफ कर्मियों के लिए आवास संतुष्टि में महत्वपूर्ण वृद्धि करेगा।
बता दें कि एनआईए ने इस परियोजना की 75 प्रतिशत आवासीय संरचना सीआईएसएफ को साझा करने पर सहमति दी है, जो अंतर-संगठनात्मक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। सीआईएसएफ कर्मियों को एक सुरक्षित एवं समर्पित परिसर में साथ रहने की सुविधा मिलेगी, जिससे सामान्य लॉजिस्टिक सहायता, सामुदायिक सुविधाएं और बेहतर सहयोग वातावरण संभव होगा।
इस समझौते के अतिरिक्त, सीआईएसएफ मैदानगढ़ी और साकेत में एनबीसीसी एवं सीपीडब्लूडी जैसी प्रतिष्ठित सरकारी निर्माण एजेंसियों के माध्यम से नए पारिवारिक आवास का निर्माण भी कर रहा है। देश भर में कार्यालय स्थान विस्तार और नए आवासीय परिसरों सहित कई अन्य अवसंरचनात्मक परियोजनाएं भी प्रगति पर हैं। इनके पूर्ण होने पर एमएचए-वित्तपोषित इकाइयों में आवास संतुष्टि अनुपात में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
राष्ट्रीय राजधानी में निःशुल्क आवास सुविधा-जहां आवास किराया देश में सर्वाधिक है, सीआईएसएफ कर्मियों के आर्थिक बोझ को कम करने के साथ ही पारिवारिक सहयोग एवं मनोबल को बढ़ाएगा। सुरक्षित एवं समर्पित आवासीय परिसर में परिवार सहित रहने से सामुदायिक बंधन मजबूत होंगे और बल की समग्र कार्यकुशलता और मनोबल में सकारात्मक योगदान मिलेगा।