गृह मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
सीआईएसएफ समेत चार केंद्रीय पुलिस संगठन नियमित प्रमुख के बिना की काम कर रहे हैं क्योंकि केंद्र सरकार ने इनमें पूर्णकालिक प्रमुखों की नियुक्ति नहीं की है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के प्रमुख राजेश रंजन इस महीने के अंत में रिटायर होने वाले हैं और गृह मंत्रालय ने नियमित डीजी की नियुक्ति होने तक बल का अतिरिक्त प्रभार एसएसबी के महानिदेशक कुमार राजेश चंद्रा को सौंपा गया है।
इसी तरह, नेशनल सिक्योरिटी ग्रुप (एनएसजी), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (बीपीआरडी) का प्रभार विभिन्न आईपीएस अधिकारियों के पास है। 30 सितंबर को एके सिंह के रिटायर होने के बाद एनएसजी का अतिरिक्त प्रभार आईटीबीपी प्रमुख एसएस देशवाल के पास है।
बीएसएफ प्रमुख राकेश अस्थाना बीते साल जुलाई से एनसीबी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) वीएसके कौमुदी के पास बीपीआरडी का अतिरिक्त प्रभार है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, इन पदों पर नियुक्तियां कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) की बैठक के बाद होगी, जो जल्द हो सकती है। दो सदस्यीय एसीसी में पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह शामिल हैं।