संपत्ति विवाद के एक मामले में कथित तौर पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने की याचिका के संबंध में कलकत्ता हाई कोर्ट की न्यायाधीश न्यायमूर्ति अमृता सिन्हा के पति प्रताप चंद्र डे को पश्चिम बंगाल सीआईडी ने समन जारी किया है। सीआईडी के एक अधिकारी ने रविवार को इस बारे में जानकारी दी।
जारी समन में सीआईडी ने प्रताप चंद्र डे से शुक्रवार को कोलकाता स्थित भवानी भवन में सीआईडी मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा है। जहां जांच अधिकारी उनसे पूछताछ करेंगे। सीआईडी अधिकारी ने बताया कि हमने प्रताप चंद्र डे से सोमवार को अपना मोबाइल फोन अधिकारियों के पास जमा करने को भी कहा है। साथ ही उन्हें 22 दिसंबर को सीआईडी मुख्यालय में पेश होने का निर्देश दिया गया है।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट में हाल ही में एक याचिका दायर की गई थी। जिसमें आरोप लगाया गया था कि डे, जो पेशे से वकील हैं, वे संपत्ति से संबंधित एक मामले में दबाव डाल रहे थे और अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर रहे थे। सीआईडी अधिकारी ने कहा कि इस मामले में सितंबर में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत दो एफआईआर दर्ज की गईं थी। इतना ही नहीं, इस मामले में पहले भी डे से पूछताछ की थी। जांच एजेंसी ने डे को एक दिसंबर और 16 दिसंबर को पूछताछ के लिए तलब किया था।
बता दें कि न्यायमूर्ति अमृता सिन्हा की पीठ इस समय कई महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई कर रही है। वे जिन मामलों की वे सुनवाई कर रही हैं, उनमें पश्चिम बंगाल में स्कूल शिक्षकों की भर्ती में कथित अनियमितताओं से संबंधित मामला भी शामिल है।