कर्नाटक के चित्रदुर्ग में एक आयुर्वेद छात्रा ने प्रोफेसर के साथ नाम जोड़े जाने की अफवाहों से परेशान होकर खुदकुशी कर ली। छात्रा ने सुसाइड नोट में प्रोफेसर, उनकी पत्नी और कुछ छात्रों को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां होलालकेरे शहर के एक आयुर्वेद कॉलेज की 23 साल की छात्रा ने कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि छात्रा एक लेक्चरर के साथ अपना नाम जोड़े जाने की झूठी अफवाहों से बहुत ज्यादा परेशान थी। मृतक छात्रा की पहचान लिखिता के रूप में हुई है। वह मल्लाडीहल्ली के एक आयुर्वेद कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। लिखिता का शव होलालकेरे शहर के बसवा लेआउट में उसके घर पर फंदे से लटका हुआ मिला।
विज्ञापन
क्या है मामला?
शुरुआती जानकारी के अनुसार, लिखिता अपने प्रोफेसर के साथ जुड़ी गलत अफवाहों को लेकर काफी दुखी थी। इन अफवाहों ने उसकी सामाजिक छवि को बहुत नुकसान पहुंचाया था। बताया जा रहा है कि इन अफवाहों में दावा किया गया था कि लिखिता और प्रोफेसर डॉ. राजू के बीच प्रेम संबंध हैं।
पुलिस ने दर्ज किया केस
सूत्रों के अनुसार, लिखिता ने मरने से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा है। इस नोट में उसने लेक्चरर डॉ राजू, उनकी पत्नी निशा और कुछ साथी छात्रों के नाम लिखे हैं। लिखिता ने अपनी मौत के लिए इन लोगों की प्रताड़ना और बदनामी को जिम्मेदार ठहराया है। इस शिकायत के आधार पर होलालकेरे पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने लेक्चरर, उनकी पत्नी और सुसाइड नोट में शामिल छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
पहले भी हुई हैं घटनाएं
इससे पहले भी कर्नाटक में छात्रों की खुदकुशी के कुछ अन्य मामले भी सामने आए हैं। 22 फरवरी को बेंगलुरु के संजयनगर में 22 साल के छात्र हेमंत ने कथित तौर पर अपनी जान दे दी। बताया गया कि मां से झगड़े के बाद उसने कमरे में खुद को बंद कर फांसी लगा ली। इसी तरह 26 फरवरी को तुरुवेकेरे शहर में 19 साल के डिप्लोमा छात्र धनुष ने कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। वह लापता था और बाद में उसका शव एक जलाशय के पास मिला। 1 अप्रैल को अट्टावर में एक मेडिकल छात्र ने कथित तौर पर अपार्टमेंट की 12वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। वह अपने दोस्त से मिलने वहां गया था और सुरक्षा डेस्क पर रजिस्टर में साइन करने के बाद सीधे ऊपर जाकर कूद गया।