अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले की अंतरराष्ट्रीय समुदाय द्वारा लगातार निंदा की खबरें आ रही है, लेकिन हमारे दो प्रमुख पड़ोसी देशों पाकिस्तान और चीन ने इस पर अभी तक कोई टिप्पणी तक नहीं की है।
पुर्तगाल सरकार ने हमले की निंदा करते हुए भारतीय लोगों के साथ होने की बात कही तो वहीं स्पेन के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखे पत्र में कहा कि आतंकवाद के साथ लड़ाई में स्पेन भी भारत के साथ है।
अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, रूस, नॉर्वे, ईरान और कनाडा ने भी हमले की निंदा की है। सार्क देशों में अफगानिस्तान और बांग्लादेश ने भी हमले की निंदा की है। वहीं भूटान, मालदीव और नेपाल पहले ही हमले की निंदा कर चुके हैं।
ऐसे में चीन और सार्क सदस्य पाकिस्तान द्वारा अभी तक हमले को लेकर कोई टिप्पणी नहीं करना दोनों देशों की नीयत पर सवालिया निशान खड़ा करता है। वहीं भारतीय सुरक्षा बलों ने इस हमले के मास्टर माइंड पाकिस्तानी नागरिक और लश्कर-ए-ताइबा के कमांडर अबू इस्माइल की मार गिराने का बड़े पैमाने पर ऑपरेशन लॉन्च कर दिया है।