राष्ट्रीय रेल संग्रहालय घूमने का आज बेहतरीन मौका है। दरअसल, विश्व विरासत दिवस पर संग्रहालय में बच्चों, छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की भी तैयारी की गई है। नई पीढ़ी और बुजुर्गों के बीच संवाद करवाया जाएगा। इस साल के कार्यक्रम का थीम ‘हेरिटेज फॉर जनरेशन’ रखा गया है।
निवेश इंडिया द्वारा रेल संग्रहालय के इनडोर गैलरी में सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक कथा वाचन होगा। इस मौके पर रेलवे बोर्ड के सेवानिवृत्त सदस्य यशपाल गुप्ता दिल्ली विंटेज कार रैली के मुख्य आकर्षण एक सदी पुराने मौरिस फायर इंजन को पुनर्जीवित करने का अनुभव सांझा करेंगे। 12 से 2 बजे और शाम 4 बजे से रेलवे धरोहर पर तीन फिल्म शो का आयोजन करेगा।
वहीं, बच्चों के लिए क्विज, गाइडेड टूर जैसे कई कार्यक्रम भी होंगे। संग्रहालय में पुराने जमाने के गौरव को दर्शाने वाली 100 से अधिक वस्तुओं का एक संग्रह है। रेलवे ने यह भी निर्णय लिया है कि संग्रहालय में मई से रात 9 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। इस तरह से रात्रिकालीन पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा।