Bombay High Court: सीजेआई बीआर गवई में आज कोल्हापुर में बॉम्बे हाईकोर्ट के कोल्हापुर बेंच का उद्घाटन किया। इस बेंच की शुरुआत से न सिर्फ वकीलों और आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि न्याय तक पहुंच भी आसान और तेज होगी।
देश के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) बीआर गवई ने रविवार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में बॉम्बे हाईकोर्ट की नई सर्किट बेंच (अस्थायी खंडपीठ) का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
क्यों जरूरी थी कोल्हापुर बेंच?
कई वर्षों से वकीलों और आम नागरिकों की यह मांग रही है कि कोल्हापुर में हाईकोर्ट की बेंच खोली जाए। वजह यह है कि पश्चिम महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र के लोगों को अपने मामलों की सुनवाई के लिए 380 किलोमीटर दूर मुंबई तक जाना पड़ता था। इससे समय और खर्च दोनों की परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब कोल्हापुर बेंच खुलने से छह जिलों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
किन जिलों पर अधिकार रहेगा?
कोल्हापुर हाईकोर्ट बेंच कुल छह जिलों के मामलों की सुनवाई करेगी। इसमें शामिल हैं-
कोल्हापुर
सतारा
सांगली
सोलापुर
रत्नागिरी
सिंधुदुर्ग
कब से शुरू होगी सुनवाई?
18 अगस्त (सोमवार) से कोल्हापुर बेंच में औपचारिक रूप से कामकाज शुरू होगा। यहां एक डिवीजन बेंच (दो जजों वाली बेंच) और दो सिंगल बेंच (एक जज की बेंच) बैठेंगी।
कौन-कौन से मामले सुने जाएंगे?
डिवीजन बेंच की तरफ से जनहित याचिकाएं (पीआईएल), सिविल रिट पिटीशन, फैमिली कोर्ट अपील, अवमानना अपील, अन्य सभी सिविल और आपराधिक मामले। जबकि सिंगल बेंच (न्यायमूर्ति एस. डिगे)- आपराधिक अपीलें, जमानत अर्जियां. क्रिमिनल रिवीजन और सिंगल बेंच (न्यायमूर्ति एस जी चापलगांवकर)- सिविल रिट पिटीशन, सिविल अपीलें और अन्य सिविल मामले की सुनवाई की जाएगी।
महाराष्ट्र में अब कुल कितनी बेंच?
मुख्य बेंच- मुंबई
नागपुर बेंच- विदर्भ क्षेत्र
औरंगाबाद (छत्रपति संभाजीनगर) बेंच- मराठवाड़ा क्षेत्र
नई कोल्हापुर बेंच- पश्चिम महाराष्ट्र व कोंकण क्षेत्र के लिए
गोवा बेंच- पणजी (गोवा राज्य के लिए) उच्च न्यायालय की तीसरी पीठ निकटवर्ती राज्य गोवा में मौजूद है।