ओडिशा से एक और छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतक छत्तीसगढ़ निवासी है और उसका शव छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका पाया गया। जानिए क्या है पूरा मामला
ओडिशा में एक छात्रावास के कमरे से 18 वर्षीय छात्र का शव बरामद किया गया है। छत्तीसगढ़ निवासी राहुल यादव (18) की मौत के मामले में पुलिस ने बताया कि 30 नवंबर की रात लगभग 10:45 बजे, इन्फोसिटी पुलिस स्टेशन में संदिग्ध मौत की सूचना मिली। केआईआईटी विश्वविद्यालय में कंप्यूटर साइंस (प्रथम वर्ष) की पढ़ाई कर रहे राहुल की मौत के संबंध में पुलिस ने कहा, केपी 7 एबी, कैंपस 10 के छात्रावास में फंदे से लटका शव बरामद होने की सूचना मिलने पर इन्फोसिटी पुलिस मौके पर पहुंची।
विज्ञापन
हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला 18 साल का छात्र
ओडिशा पुलिस के मुताबिक रायपुर के राहुल की मौत के बाद अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि राहुल अपने छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। मौके पर पहुंची इन्फोसिटी पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला गया, जो अंदर से बंद था।
कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है
छत्तीसगढ़ के छात्र की ओडिशा में हुई मौत को लेकर पुलिस ने कहा, प्रारंभिक जांच के आधार पर अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।फिलहाल कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है और छात्रावास के पास अधिकारियों के साथ एक प्लाटून पुलिस बल को तैनात किया गया है।