ऐसा बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी वायनाड से सीधे जगदलपुर आएंगी। जगदलपुर एयरपोर्ट से मंच तक बाइक रैली के माध्यम से उनका स्वागत किया जाएगा। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू भी 13 अप्रैल 1955 को बस्तर आए थे। अब 13 अप्रैल 2023 को प्रियंका गांधी बस्तर आ रहीं हैं। कांग्रेस अपने कैलेंडर के लिए यह तारीख बेहद महत्वपूर्ण मान रही है। प्रियंका गांधी के कार्यक्रम स्थल पर नेहरू से लेकर गांधी परिवार के बस्तर प्रवास की तस्वीरें भी लगाई गई है।
बस्तर से होगी चुनावी अभियान की शुरुआत
प्रियंका गांधी कल बस्तर से कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस के लिए मजबूत गढ़ के रूप में उभर रहे छत्तीसगढ़ के साथ दो अन्य राज्यों मध्य प्रदेश और राजस्थान में नवंबर-दिसंबर महीने में विधानसभा के चुनाव होने हैं। उक्त दोनों राज्यों में भाजपा से कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। ऐसे में अगर कांग्रेस छत्तीसगढ़ में दमदार वापसी करने में सफल रहीं तो उसका श्रेय भी प्रियंका को जाएगा। इस तरह वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के पूर्व राष्ट्रीय स्तर पर उनकी छवि चमकाने का दारोमदार मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ पर ही होगा।
प्रदेश के नेताओं के साथ होगा मंथन
प्रियंका चुनावी सभा के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक भी करेंगी। इसमें बस्तर से लेकर सरगुजा तक के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को आमंत्रित किया गया है। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने किसी को भी मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं बनाया था। पार्टी सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ी और तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल को मुख्यमंत्री बनाया गया। 2023 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति पर प्रियंका की बैठक के बाद ही निर्णय होगा। सूत्रों की मानें तो अगले एक महीने में पार्टी नए प्रदेश अध्यक्ष के अलावा दो कार्यकारी अध्यक्षों के नामों की भी घोषणा कर सकती हैं।