इस बार के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के जरिए द्रमुक की कमान संभाले करुणानिधि के परिवार की अगली पीढ़ी ने सियासत में कदम बनाए रखा है। दरअसल, चेन्नई सेंट्रल लोकसभा क्षेत्र में आने वाली चेपॉक-थिरुवल्लीकेनी को डीएमके का गढ़ माना जाता है। यहां से द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन मैदान में हैं, इसलिए यह सीट सबकी नजरों में आ गई है। करुणानिधि स्वयं इस सीट से कई बार विधायक रहे हैं। उदयनिधि तमिल फिल्म जगत के कलाकार और निर्देशक के तौर पर जाने जाते हैं।
चेपॉक सीट को 1977 में पहली बार अस्तित्व में आई और यहां हमेशा डीएमके और एआईडीएमके के बीच 1977, 1980, 1984 के चुनाव में सीधी टक्कर हुई। इसमें द्रमुक के ए रहमान खान ने तीनों बार जीत हासिल की। वर्ष 1989, वर्ष 1991, 1996 और 2001 में द्रमुक का मुकाबला इस सीट पर कांग्रेस से हुआ। वर्ष 1991 को छोड़कर द्रमुक यहां कभी चुनाव नहीं हारी। 1991 में अनबाझगन यहां से चुनाव हार गए।
करुणानिधि ने 1996 में चेपॉक से पहली बार चुनाव जीता और 2001 में भी यहीं से निर्वाचित हुए। चेपॉक-थिरुवल्लीकेनी सीट को चेपॉक और त्रिपलीकेन विधानसभा सीटों के कुछ क्षेत्रों को जोड़कर बनाया गया था। नया सचिवालय और अन्य सरकारी कार्यालय इसी क्षेत्र में आते हैं। चेपॉक सीट और परिसीमन के बाद चेपॉक-थिरुवल्लीकेनी सीट अस्तित्व में आई। लेकिन यहां भयंकर ट्रैफिक जाम, सघन इलाकों में बेतरतीब इमारतें लंबे समय से मुद्दा रही हैं।
इसके बाद साल 2011 और 2016 में हुए दोनों चुनाव में द्रमुक उम्मीदवार जे अनबाझगन को जीत मिली थी। पिछले साल जून में अनबाझगन का कोरोना से निधन हो गया था। चेपॉक-थिरुवल्लीकेनी सीट इस बार एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन में शामिल पीएमके के खाते में गई है। वैसे चर्चा थी की बीजेपी की खुशबू सुंदर यहां से मैदान में उतर सकती हैं।
2016 के तमिलनाडु विधानसभा के नतीजे
234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा के लिए 2016 में हुए चुनाव में जयललिता की अगुवाई में अन्नाद्रमुक ने 136 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि करुणानिधि की अगुवाई वाली द्रमुक के खाते में 98 सीट आई थी। जयललिता लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठी थीं। हालांकि, पांच दिसंबर 2016 को जयललिता का निधन हो गया था। बाद में ओ। पन्नीरसेल्वम मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे, लेकिन वो ज्यादा दिनों तक सीएम नहीं रहे। उनके बाद ई। पलानीस्वामी सीएम बने और पन्नीरसेल्वम डिप्टी सीएम बनाए गए।