चेन्नई में लॉकडाउन: Tamil Nadu CM Palaniswami
- फोटो : PTI
तमिलनाडु में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राज्य सरकार ने मद्रास उच्च न्यायालय से पूर्ण लॉकडाउन लगाने के सवाल पर अपना पक्ष रखा है। सरकार ने कहा है कि चेन्नई या राज्य के किसी भी हिस्से में पूर्ण लॉकडाउन का कोई विचार नहीं है, हालांकि जिन जगहों पर कोविड-19 संक्रमण के मामले अधिक आ रहे हैं और वहां नियमों और दिशानिर्देशों को कड़ाई से लागू किया जा रहा है।
यह बातें सरकार द्वारा बृहस्पतिवार को न्यायमूर्ति विनीत कोठारी और न्यायमूर्ति आर सुरेश कुमार की पीठ के सामने कही गई।
इससे पहले अदालत ने सरकार से पूछा था कि क्या चेन्नई महानगर और उसके उपनगरीय क्षेत्रों में गत कुछ दिनों में बड़ी संख्या में आ रहे मामलों के मद्देनजर कुछ समय के लिए पूर्ण लॉकडाउन लागू किया जा सकता है? पीठ ने कहा कि सरकार द्वारा कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बावजूद रोजाना मामलों की संख्या में वृद्धि हो रही है । स्थिति चिंताजनक बनती जा रही है, खासतौर पर चेन्नई महानगर और उसके आसपास के इलाकों में।
न्यायाधीशों ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए को हुई सुनवाई के दौरान कहा, ‘इसलिए, हम जानना चाहते हैं कि क्या सरकार की चेन्नई और उसके आसपास के इलाकों में संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पूर्ण लॉकडाउन या कर्फ्यू जैसी कोई विशेष योजना है?’’
राज्य सरकार की ओर से शुक्रवार को पेश अतिरिक्त महाधिवक्ता एसआर राजगोपाल ने पीठ से कहा कि चेन्नई और उसके उपनगरीय इलाकों में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं। लेकिन संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए हम कड़े कदम उठा रहे हैं पर अभी शत प्रतिशत लॉकडाउन लागू करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। हम उन इलाकों में लोगों के बाहर निकलने पर पाबंदी लगा रहे हैं जहां पर संक्रमण के अधिक मामले हैं।’