अमेरिका ने भारतीय सैनिकों को रासायनिक सुरक्षा कवच देने की मंजूरी दे दी है। अमेरिका ने भारतीय सशस्त्र बलों को 75 मिलियन डॉलर के हाईटेक सूट और उससे जुड़े साज-ओ- सामान मुहैया कराने की मंजूरी दे दी है।
इस ड्रेस से किसी भी जैविक और रासायनिक हमलों के दौरान जवानों का बचाव होगा। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षात्मक ड्रेस देना भारत और अमेरिका के रिश्ते की मजबूती का प्रमाण है। पिछले कुछ सालों में अमेरिका का भारत के साथ 10 अरब डॉलर से ज्यादा का रक्षा सौदा हुआ है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यह पहला मौका है जब केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूकलियर सहायक उपकरण के बारे में पेंटागन ने सदन को सूचना दी है। ज्वाइंट सर्विस लाइटवेट इंटीग्रेटेड सूट टेक्नोलॉजी (जेएसएलआईएसटी) के तहत 38034 ड्रेस तैयार किए जाएंगे।
इस सूट में एक जोड़ी ट्राउजर, दस्ताने, जूते और एनबीसी बैग हैं। भारत ने सेना के आधुनिकीकरण के उद्देश्य से अमेरिका से यह विशेष ड्रेस मुहैया कराने का निवेदन किया था। अधिकारियों के मुताबिक अमेरिका की भारत के साथ रक्षा साझेदारी बेहद अहम और दुनिया भर में तेजी से बढ़ता हुआ कारोबार है। आज से 10 वर्ष पहले दोनों देशों के बीच रक्षा सौदा नहीं के बराबर था।