भाजपा में बाहरी उम्मीदवारों की भरमार ने पार्टी में अंदरखाने कोहराम मचा दिया है। पहली सूची में दो दर्जन बाहरी नेताओं को मिली जगह और अंतिम सूची तक इसका आंकड़ा सौ के पार हो जाने की संभावनाओं ने कार्यकर्ताओं को ही नहीं सूबे के वरिष्ठï नेताओं को भी नाराज कर दिया है। सूबे के वरिष्ठï नेताओं की नाराजगी के कारण मंगलवार को होने वाली पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक टालनी पड़ी है।
बीच का रास्ता निकालने के लिए मंगलवार और बुधवार को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने राज्य के प्रभारी ओम माथुर, अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या, वरिष्ठï नेता राजनाथ सिंह, कलराज मिश्र के साथ घंटों मैराथन बैठक की। बड़ी संख्या में बाहरी नेताओं को मंगलवार को राजनाथ के निवास पर भी माथुर, मौर्य और मिश्र की देर रात तक बैठक चली। माना जा रहा है कि बीच का रास्ता निकालने के बाद दूसरी सूची जारी करने के लिए भाजपा बृहस्पतिवार को केंद्र्रीय चुनाव समिति की बैठक बुला सकती है।
दरअसल कई स्तर पर छंटनी के बाद तैयार किए गए उम्मीदवारों के पैनल में सौ से अधिक दल बदलू नेताओं के नाम हैं। पार्टी नेतृत्व उत्तर प्रदेश की करीब डेढ़ दर्जन सीटों पर दूसरे दलों केबड़े नेताओं को शामिल करने के लिए घोषणा रोकना चाहता है। वरिष्ठ नेता इससे खासे नाराज हैं। राज्य के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि गोवा, पंजाब और उत्तर प्रदेश को मिला कर अब तक 56 बाहरी नेताओं को उपकृत किया गया है।
इसके अलावा सौ से अधिक बाहरी नेता पद की दौर में शामिल हैं। खुद की पार्टी के नेताओं को प्रधानमंत्री के निर्देश के आधार पर रिश्तेदारों के लिए टिकट मांगने से बचने के लिए कहा गया है, जबकि बाहरी नेताओं के साथ उनके रिश्तेदारों को भी उपकृत किया जा रहा है।