देशभर में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है, हर तरफ मानसून ने दस्तक देनी शुरू कर दी है और लोगों को हल्की-फुल्की बारिश से गर्मी से भी राहत मिलने लगी है। दक्षिण भारत के बाद अब मानसून बिहार-यूपी-एमपी में पहुंच गया है और दिल्ली-एनसीआर के साथ पंजाब की तरफ बढ़ रहा है।
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार के मुताबिक बिहार और उत्तरपूर्वी राज्यों में आने वाले दो दिनों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। हालांकि अगले पांच दिनों में पंजाब, हरियाणा और दिल्ली एनसीआर में भारी वर्षा नहीं होगी। मध्य भारत में आने वाले दिनों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में फिलहाल मानसून मेहरबान है और चारों तरफ झमाझम बारिश हो रही है और आने वाले दिनों में भी यहां बारिश होते रहने का अनुमान है। मध्यप्रदेश की बात करें तो यहां इस साल मानसून की अनुकूल शुरुआत होने से जून माह में अब तक सामान्य से 88 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
मौसम विज्ञान केन्द्र, भोपाल के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि प्रदेश में 14 जून को मानसून पहुंच गया और अगले दस दिन तक सक्रिय रहा। उन्होंने बताया, ‘इससे पहले मानसून मध्यप्रदेश में जून माह के उत्तरार्ध में पहुंचता था और प्रदेश में फैलने में समय लगता था। लेकिन, इस बार ग्वालियर और जबलपुर जिलों को छोड़कर प्रदेश में एक जून से 27 जून के बीच सामान्य से 88 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज हुई है।'
अधिकारी ने बताया कि प्रदेश की राजधानी भोपाल में पिछले 27 दिनों में औसत बारिश 98.5 मिमी के मुकाबले 313 प्रतिशत अधिक 407.1 मिमी बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार प्रदेश में अगले 24 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर गरज और बिजली के साथ तेज वर्षा होने की संभावना है।