एशिया कप और विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट जैसे बड़े खेल आयोजनों से पहले केंद्र सरकार ने शुक्रवार को समाचार पत्र, टेलीविजन चैनलों, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जुए एवं सट्टेबाजी के विज्ञापन दिखाए जाने को लेकर सख्त चेतावनी देते हुए एडवाइजरी जारी की।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कहा है कि यदि मीडिया प्लेटफॉर्म पर जुए से जुड़े विज्ञापन जारी किए गए तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मीडिया को अपने चैनलों पर सट्टेबाजी और जुए से जुड़े विज्ञापन, इन्हें प्रोत्साहित करने वाली सामग्री के प्रदर्शन से बचना चाहिए। इसके पहले मंत्रालय पिछले साल जून और अक्तूबर और इस साल अप्रैल में भी इसी तरह की एडवाइजरी जारी कर चुका है। ब्यूरो
ऐसे विज्ञापन दिखाना नियमों का उल्लंघन
एडवाइजरी में कहा गया है कि सट्टेबाजी और जुआ एक गैरकानूनी गतिविधि है। किसी भी मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से ऐसी गतिविधियों का विज्ञापन या प्रचार उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019, प्रेस काउंसिल अधिनियम, समेत विभिन्न कानूनों का उल्लंघन है।
देश की वित्तीय सुरक्षा के लिए खतरा
30 अगस्त से पाकिस्तान और श्रीलंका में होने वाले एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का संदर्भ देते हुए सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने कहा कि क्रिकेट टूर्नामेंट समेत प्रमुख खेल आयोजनों के दौरान जुए और सट्टेबाजी के विज्ञापनों में बढ़ोतरी देखी गई है। इस प्रकार के विज्ञापन न केवल उपभोक्ताओं, युवाओं और बच्चों के लिए वित्तीय और सामाजिक-आर्थिक जोखिम पैदा करते हैं, बल्कि मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क से जुड़े होते हैं। इससे देश की वित्तीय सुरक्षा को खतरा पैदा होता है।