अगर आप आने वाले वक्त में कभी पेट्रोल पंप पर जाते हैं और वहां आपको सारे पेट्रोल पंपकर्मी खादी ड्रेस में नजर आएं तो परेशान मत होइएगा। दरअसल, इस बात की संभावना ज्यादा है कि पेट्रोल पंपकर्मियों के लिए जल्द नया ड्रेस कोड लागू हो सकता है, जिसमें कर्मचारी खादी के वस्त्रों में नजर आएं।
देश में खादी की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए सरकार ऐसी योजना बना रही जिसके तहत पेट्रोल पंप से जुड़े कर्मचारियों को खादी की ड्रेस पहनना अनिवार्य होगा। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, इस मामले में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की ओर से एक एडवाइजरी जारी की गई है।
इसका सीधा असर भारत पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के कर्मचारियों पर होगा। इनसे जुड़े कर्मचारी जल्द खादी यूनिफॉर्म में नजर आएंगे। खादी ग्रामोद्योग आयोग के चेयरमैन विनय कुमार सक्सेना ने बताया कि केंद्र सरकार के कई मंत्रालय व संस्थान लगातार खादी के वस्त्रों को बढ़ावा दे रहे हैं। जिसके चलते इसकी मांग खासी बढ़ गई है। हालात ऐसे हो गए हैं कि खादी से जुड़े कर्मचारियों को ज्यादा समय तक काम करना पड़ रहा है।