केंद्र सरकार ने मंगलवार को कोरोना वायरस की स्थिति का आकलन करने के लिए अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दलों (आईएमसीटी) को पश्चिम बंगाल भेजा है। जिसे तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने एंडवेंचर टूरिज्म बताया है। उन्होंने कहा कि यदि आप राज्य की मदद करना चाहते हैं तो आपका स्वागत है।
डेरेक ब्रायन ने लिखा, 'जो कोई भी बंगाल के लोगों की मदद करने के लिए राज्य आना चाहता है और जो हम पहले से कर रहे हैं उसमें बदलाव लाना चाहता है तो उसका स्वागत है। लेकिन इसे एक प्रक्रिया के तहत किया जाना चाहिए। यदि आप ऐसा नहीं करोगे तो आप अपने लिए चीजों को मुश्किल बना देंगे।'
उन्होंने आगे लिखा, 'यदि आप राज्य सरकार को सूचित किए बिना एडवेंचर टूरिज्म चाहते हैं, आप पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री को अपने आगमन की सूचना दे रहे हैं और मुख्य सचिव को एक घंटे पहले तो यह संघवाद की भावना नहीं है ।' उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री को बताया गया कि केंद्रीय दल कुछ जिलों का तीन घंटे तक दौरा करेंगे।
टीएमसी ने केंद्रीय दलों के गुजरात, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश ना जाने पर सवाल उठाए, जहां कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले और प्रभावित इलाके हैं। सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि पश्चिम बंगाल में रोजाना 425 नमूनों की जांच हो रही थी, जिसे आज बढ़ाकर 600 कर दिया गया है।