केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
केंद्र ने राज्यों को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की क्षतिपूर्ति में कमी लाने के लिए अक्तूबर, 2020 से अब तक 1.04 लाख करोड़ रुपये दिए हैं। वित्त मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि व्यय विभाग ने 23 राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों (दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी की विधानसभाओं के साथ) को 4,000 करोड़ रुपये की 18वीं साप्ताहिक किस्त जारी कर दी है।
जारी की गई राशि में से 3677.74 करोड़ रुपये 23 राज्यों को और 322.26 करोड़ रुपये की राशि तीन केंद्रशासित प्रदेशों को जारी की गई है। बाकी के पांच राज्यों अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड और सिक्किम में जीएसटी लागू करने के दौरान राजस्व में कमी नहीं आई है।
अब तक जीएसटी राजस्व के संग्रह में आई कमी की 94 फीसदी भरपाई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को कर दी गई है। इस रकम में से 95,138.08 करोड़ रुपये राज्यों को जारी किए गए हैं, जबकि 8861.92 करोड़ रुपये विधानसभाओं वाले तीन केंद्रशासित प्रदेशों को जारी किए गए हैं। केंद्र सरकार ने अक्तूबर 2020 में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की ओर से जीएसटी राजस्व में आई कमी की भरपाई के लिए विशेष उधारी खिड़की का गठन किया था, जिसके तहत 1.10 लाख करोड़ रुपये की पूंजी केंद्र सरकार मुहैया करा रही है।
अब तक 18 चरण पूरे
23 अक्तूबर, 2020 से शुरू हुई कर्ज देने की प्रक्रिया के तहत अब तक 18 चरण पूरे हो गए हैं। यह राशि राज्यों को दे दी गई है। विशेष उधारी खिड़की के द्वारा पूंजी चुकाने के साथ-साथ भारत सरकार जीएसटी लागू करने में आई राजस्व की कमी को पूरा करने के लिए राज्यों को अपने सकल घरेलू उत्पाद का 0.50 फीसदी अतिरिक्त राशि के रूप में उधार लेने का भी विकल्प दे रही है।