West Bengal: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि हम बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा चाहते हैं। केंद्र को इस मामले में कदम उठाना चाहिए। उन्हें उन लोगों को भी वापस लाना चाहिए जो भारत आना चाहते हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को केंद्र सरकार से बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की और यह भी कहा कि जो लोग वापस भारत आना चाहते हैं, उन्हें वापस लाया जाए। बनर्जी ने यह बात दीघा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। मुख्यमंत्री दीघा में जगन्नाथ मंदिर के निर्माण की प्रगति का जायजा लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर हैं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा, हम बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा चाहते हैं। केंद्र को इस मामले में कदम उठाना चाहिए। उन्हें उन लोगों को भी वापस लाना चाहिए जो भारत आना चाहते हैं। ममता ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर फर्जी वीडियो फैलाकर सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यक कुल आबादी का करीब आठ फीसदी हैं, जो हाल के महीनों में हिंसा का शिकार हुए हैं। इस साल अगस्त में शेख हसीना की अवामी लीग सरकार गिरने के बाद से बांग्लादेश में करीब 50 जिलों में हिंदू समुदाय पर हमले हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
विज्ञापन
विपक्षी नेताओं की ओर से 'इंडिया' ब्लॉक की नेता के रूप में समर्थन मिलने पर ममता बनर्जी ने कहा, मैं सभी नेताओं की आभारी हूं, जिन्होंने सम्मान दिया है। मैं सभी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हूं। वे स्वस्थ रहें, उनकी पार्टी स्वस्थ रहे। भारत स्वस्थ रहे।