केंद्रीय आवास और शहरी मामलों का मंत्रालय अनलॉक-4 के दिशा-निर्देशों के तहत मेट्रो ट्रेनों के परिचालन के लिए बुधवार को विस्तृत मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) जारी कर सकता है। मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने एसओपी को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को सभी मेट्रो रेल निगमों के प्रबंध निदेशकों के साथ बैठक की। मेट्रो ट्रेनों का परिचालन क्रमिक तरीके से किया जाएगा।
मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, 'हमने मेट्रो के प्रबंध निदेशकों के सुझाव सुने, जिन पर विचार किया जाएगा। एसओपी का मसौदा तैयार कर लिया गया है और बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ इस पर चर्चा की जाएगी। जिसके बाद एसओपी को अंतिम रूप दिया जाएगा।' मेट्रो ट्रेनों का परिचालन शुरू होने पर मास्क पहनने और सामाजिक दूरी के नियमों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।
यात्रियों को कोविड-19 रोधी उपाय अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। देश के 17 मेट्रो निगम विस्तृत एसओपी जारी किए जाने के बाद स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अपना ब्योरा जारी कर सकते हैं। दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने पिछले सप्ताह कहा था कि वह सात सितंबर से क्रमिक तरीके से मेट्रो सेवाएं बहाल करेगा।