भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक में मारे गए आतंकियों की संख्या पर विपक्ष सरकार पर इसे चुनावी मुद्दा बनाने का आरोप लगाकर जवाब मांग रहा है। विपक्षी नेता मांग कर रहे हैं कि इस हवाई हमले से जुड़े सभी सबूत सार्वजनिक किए जाने चाहिए। गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को हुए जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी हमले में भारत के 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद भारतीय वायुसेना ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के भीतर बालाकोट में जैश के आतंकी कैंपों को निशाना बनाया था।
सरकारी सूत्रों के अनुमान के मुताबिक, इस हवाई हमले में बड़ी संख्या में आतंकी मारे गए थे। वहीं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने एक चुनावी जनसभा के दौरान इस हवाई हमले में 250 आतंकी मारे जाने की बात कही। भाजपा अध्यक्ष के इस बयान पर विपक्षी नेताओं ने उनसे इस जानकारी के बारे में साक्ष्य मांगे हैं।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'क्या सेना की कार्रवाई पर विपक्ष के सवाल के जवाब में सरकार को सुबूत दिखाने चाहिए?'
पोल के जवाब में हमें कुल 5,433 वोट मिले। इनमें 67.94 फीसदी (3,691 वोट) पाठकों ने माना कि सरकार को सेना की कार्रवाई का सबूत नहीं दिखाना चाहिए, जबकि 32.06 फीसदी (1742 वोट) पाठकों ने कहा कि सरकार को सेना की कार्रवाई का सबूत सार्वजनिक करना चाहिए।