केंद्र सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर 10 मीट्रिक टन और 20 मीट्रिक टन क्षमता के 20 क्रायोजेनिक टैंकरों का आयात किया है और ऑक्सीजन टैंकरों की कमी से निपटने के लिए इसे राज्यों को आवंटित किया गया है। बीते तीन दिन में 20 नए टैंकर चार राज्यों को मुहैया कराए गए हैं।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश को सबसे ज्यादा पांच टैंकर कराए उपलब्ध
दिल्ली और उत्तर प्रदेश को सबसे ज्यादा पांच-पांच टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें 10 और 20 मीट्रिक टन ऑक्सीजन एक बार में पहुंचाया जा सकता है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि 20 में से 16 टैंकर अब तक राज्य सरकारों को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। जबकि शेष चार टैंकर 30 अप्रैल तक पहुंच जाएंगे। मंत्रालय ने बताया कि बीते 26 अप्रैल को 20-20 मीट्रिक टन के चार टैंकर मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश को उपलब्ध कराए गए।
वहीं, 10-10 मीट्रिक टन क्षमता वाले छह टैंकर राजस्थान और उत्तर प्रदेश को दिए गए। इनके अलावा 27 अप्रैल को 10-10 मीट्रिक टन की क्षमता के छह टैंकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली और गुजरात को दिए हैं। आगामी 30 अप्रैल को 20 मीट्रिक टन क्षमता वाले चार टैंकर गुजरात और दिल्ली को दिए जाएंगे। दोनों राज्यों को दो-दो टैंकर दिए जाएंगे।