महिलाओं को सेना में स्थायी कमीशन देने के लिए केंद्र सरकार तैयार कर रही है। बुधवार को लोकसभा में केंद्र सरकार ने कहा कि वह इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पूरा पालन करेगी। रक्षा राज्यमंत्री श्रीपद नाइक ने टीएमसी सांसद सौगत रॉय के सवाल के जवाब में यह जानकारी दी।
जवाब देते हुए नाइक ने लोकसभा में बताया कि हम कोई भेदभाव नहीं करेंगे। शीर्ष कोर्ट के आदेशों का पूरी गंभीरता के साथ पालन किया जाएगा। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने बीते माह अपने आदेश में कहा था कि सेना में महिलाओं को स्थायी तैनाती मिलनी चाहिए और पुरुष अधिकारियों की ही तरह उन्हें सैन्य कमान में भी तैनात किया जाना चाहिए।
टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने इस संबंध में सवाल करते हुए जानना चाहा था कि सेना में सिर्फ 65 स्थायी कमीशन अफसर हैं। वहीं नौसेना में 9 और वायुसेना में 300 से कुछ अधिक कमीशन अधिकारी हैं। ऐसे में लैंगिक आधार पर कैसे एकरूपता रहेगी। इस पर नाइक ने कहा कि पात्र महिला अफसरों की स्थायी तैनाती होगी।