भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी की शिकायत पर केंद्र ने पश्चिम बंगाल की सरकार से जवाब मांगा है। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव हरीकिशन द्विवेदी को पत्र लिखकर कहा है कि कोलकाता के एक इलाके में फर्जी टीकाकरण को लेकर शिकायत आई है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेना जरूरी है। इसीलिए नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी की शिकायत पर तत्काल निष्पक्ष जांच जरूरी है। इसके अलावा अगले दो दिन में इस मामले को लेकर मंत्रालय ने रिपोर्ट देने के लिए भी कहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने पत्र में लिखा है कि कोलकाता नगर निगम के कस्बा क्षेत्र में टीकाकरण का शिविर लगा है जहां किसी भी व्यक्ति को सर्टिफिकेट प्राप्त नहीं हुआ। यह शिविर गैर कानूनी तरीके से संचालित किया जा रहा है। इसकी तत्काल जांच आवश्यक है। अगर कोई दोषी है तो उसके खिलाफ राज्य सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। ताकि टीकाकरण को लेकर पारदर्शिता बरती जा सके। जांच पूरी होने के बाद अगले दो दिन में इसकी रिपोर्ट मंत्रालय को भी सौंपी जाए।
शिकायत में शुभेंदु अधिकारी ने नगर निगम के शीर्ष अधिकारियों पर फर्जी तरीके से टीकाकरण शिविर आयोजित करने के आरोप लगाए हैं। यहां अब तक सैंकड़ों लोगों का टीकाकरण हुआ है लेकिन किसी के पास भी सर्टिफिकेट नहीं है। यह सर्टिफिकेट पहली या फिर दूसरी खुराक लेने के बाद कोविन वेबसाइट से लाभार्थी को भेजा जाता है। भाजपा नेता ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को शिकायत लिखते हुए इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने की अपील की थी जिसके चलते मंत्रालय ने अब राज्य सरकार को निर्देश दिए हैं।