महराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी की तरफ से आज ही विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की जाएगी। इसकी जानकारी देते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि, आज महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी होगी और कल तीसरी लिस्ट भी आ जाएगी। महाविकास अघाड़ी पूरी तरह से तैयार है, लोकसभा चुनाव में हम जिस तरह लड़े, उससे भी बेहतर परिणाम देखने को मिलेगा। महाराष्ट्र में पूर्ण बहुमत के साथ महाविकास अघाड़ी की सरकार आएगी।
इससे पहले महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों के चयन के लिए कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय में हुई है। जानकारी के मुताबिक इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता और पार्टी नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस की बैठक में ये सभी नेता हुए शामिल
कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श करने के लिए पार्टी मुख्यालय में जमा हुआ था। केंद्रीय चुनाव समिति की इस बैठक में सीईसी सदस्य अंबिका सोनी, मधुसूदन मिस्त्री, अधीर रंजन चौधरी, टीएस सिंह देव, अमी याज्ञनिक, पीएल पुनिया और केजे जॉर्ज भी मौजूद थे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला, राज्य कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले और बालासाहेब थोराट समेत राज्य के अन्य नेता भी मौजूद थे।
वहीं इस बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में सीईसी की बैठक की तस्वीरें साझा की और लिखा, हम, एमवीए, आगामी विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं!
कांग्रेस ने अभी तक 48 उम्मीदवारों के नाम किए जारी
कांग्रेस ने गुरुवार को महाराष्ट्र चुनावों के लिए 48 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची की घोषणा की, जिसमें पटोले को सकोली, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण को कराड दक्षिण और निवर्तमान विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार को ब्रह्मपुरी से मैदान में उतारा गया।
कांग्रेस ने 25 मौजूदा विधायकों को दिया टिकट
विपक्षी दल ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची में 25 मौजूदा विधायकों को बरकरार रखा है। यह सूची कांग्रेस, एनसीपी (एसपी) और शिवसेना (यूबीटी) के महा विकास अघाड़ी (एमवीए) की तरफ से घोषणा किए जाने के एक दिन बाद आई है। 20 नवंबर को होने वाले चुनावों में महा विकास अघाड़ी के दल 85-85 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। एमवीए घटकों के बीच 288 सीटों में से 270 पर सहमति बनी है।
कांग्रेस की पहली सूची में ये बने प्रत्याशी
जबकि इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने अपनी पहली सूची में, पूर्व मंत्री नितिन राउत और बालासाहेब थोराट को क्रमशः नागपुर उत्तर और संगमनेर से, ज्योति एकनाथ गायकवाड़ को धारावी से, अमित देशमुख को लातूर शहर से और धीरज देशमुख को लातूर ग्रामीण से मैदान में उतारा है।