सीईसी राजीव कुमार ने बुधवार को राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों (सीईओ) के एक सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन में 2021 और 2022 में संपन्न राज्य विधानसभा चुनावों के अनुभवों और सीखों को साझा करने के साथ-साथ चुनाव योजना समेत अन्य विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने मतदान केंद्रों को जियो-टैग करने और जिला प्रशासन द्वारा तैयार रूट चार्ट को संशोधित करने की आवश्यकता जताई है। उन्होंने राज्यों को नई पहलों व नवाचारों को चुनावी प्रक्रियाओं की अखंडता से समझौता किए बिना ईमानदारी से दोहराने का आह्वान किया। उन्होंने राज्यों और आयोग द्वारा विकसित सभी आउटरीच सामग्री की आसान पहुंच के लिए एक डिजिटल पोर्टल की आवश्यकता जताई।
विज्ञापन
राजीव बुधवार को केंद्रीय निर्वाचन आयोग द्वारा इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट, नई दिल्ली में राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों (सीईओ) के एक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में 2021 और 2022 में संपन्न राज्य विधानसभा चुनावों के अनुभवों और सीखों को साझा करने के साथ-साथ चुनाव योजना, व्यय निगरानी, मतदाता सूची, आईटी अनुप्रयोग, डेटा प्रबंधन, ईवीएम/वीवीपीएटी, स्वीप रणनीति, मीडिया और संचार विषयों पर चर्चा हुई। चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय ने चुनाव वाले राज्यों में लागू किए जा रहे विचारों और सर्वोत्तम प्रथाओं का अन्य राज्यों से अनुकरण का आह्वान किया।
सशस्त्र बलों का सम्मान मानदेय अनुदान भी बढ़ा
आयोग ने 2022 विधानसभा चुनाव कराने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए गृह मंत्रालय, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और रेल मंत्रालय के अधिकारियों को सम्मानित किया। साथ ही चुनाव ड्यूटी पर तैनात तदर्थ कमांडेंट व कमांडेंट के भुगतान के लिए मानदेय अनुदान बढ़ाने का एलान किया। आयोग ने ए-वेब इंडिया जर्नल ऑफ इलेक्शन का नवीनतम संस्करण भी जारी किया।
विज्ञापन
10 दिन में 2.5 करोड़ लोगों ने दिया आधार, मतदाता सूची से होगा लिंक...चुनाव आयुक्त पांडेय ने बताया कि मतदाता सूची को आधार से लिंक करने के अभियान को अच्छा समर्थन मिला है। एक अगस्त से अब तक 2.5 करोड़ मतदाताओं ने स्वेच्छा से आधार उपलब्ध कराया है।