भारत में कोरोना वायरस की वैक्सीनों के आपातकालीन इस्तेमाल की अनुमति संबंधी आवेदनों पर केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) बुधवार को विचार करेगा। यह जानकारी सोमवार को सूत्रों ने दी। बता दें कि भारत में फाइजर, सीरम इंस्टीट्यूट और भारत बायोटेक ने वैक्सीन के आपात इस्तेमाल की अनुमति मांगी है।
सीरम इंस्टीट्यूट की ओर से कोविशील्ड वैक्सीन के आपात इस्तेमाल के लिए मांगी गई अनुमति पर डीजीसीआई (ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया) अगले 10 दिन के अंदर मुहर लगा सकता है। बता दें कि आगरा मेट्रो के शिलान्यास के मौके पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि देश को अब वैक्सीन के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा।
सूत्रों ने बताया, ‘हालांकि इनमें से अभी तक कोई भी आवेदन समिति को नहीं भेजा गया है और इस बारे में कोई तारीख तय नहीं की गयी है।’ उल्लेखनीय है कि फाइजर को ब्रिटेन और बहरीन में अपनी वैक्सीन के आपात इस्तेमाल की अनुमति मिल चुकी है। ब्रिटेन किसी वैक्सीन को आपात इस्तेमाल की मंजूरी वाला पहला देश भी बन गया है।
सीरम इंस्टीट्यूट ने ऑक्सफोर्ड के कोविड-19 टीके ‘कोविशील्ड’ के लिए छह दिसंबर को इस संबंध में मंजूरी मांगी थी। चार दिसंबर को फाइजर ने केंद्रीय औषधि नियामक से टीके के आपात उपयोग की मंजूरी मांगी थी। वहीं, भारत बायोटेक ने सोमवार को टीके के आपात उपयोग की अनुमति के लिए केंद्रीय औषधि नियामक में आवेदन किया।