कांग्रेस नेता
रणदीप सुरजेवाला ने
सीबीएसई बोर्ड पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पहले व्यापम, फिर SSC और अब सीबीएसई का पेपर लीक हुआ है।
सुरजेवाला ने कहा कि छात्रों ने बताया है कि कुछ और पेपर्स भी लीक हो चुके हैं। यह 2017 में सीबीएसई के मूल्यांकन में गड़बड़ी के कारण हुआ है। आखिर सीबीएसई के चेयरमैन की पोस्ट पिछले 2 सालों से खाली क्यों पड़ी है।
सुरजेवाला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यूनियन एचआरडी मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और सीबीएसई की चेयरपर्सन अनीता करवाल को पद से हटाए बिना निष्पक्ष जांच नहीं की जा सकती।
आपको बता दें कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के कक्षा 10 और 12वीं के पेपर लीक मामले को मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया था। उन्होंने कहा था कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण परिणाम है। मैं समझ सकता हूं कि बच्चे और उनके पैरेंट्स किस तरह के दर्द से गुजर रहे हैं।
जो कोई भी पेपर लीक मामले में शामिल होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस जल्द ही अपराधियों को पकड़ लेगी। मंत्री ने आगे कहा- मैं भी एक पैरेंट हूं और मैं रातभर सो नहीं पाया हूं।
उन्होंने कहा था कि सीबीएसई की तारीफ सुप्रीम कोर्ट भी कर चुका है, हम इसकी तह तक जाएंगे। हम इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि आगे से ऐसी कोई धोखाधड़ी नहीं होगी। हम सिस्टम में सुधार करेंगे। उन्होंने कहा कि सीबीएसई जल्द ही सोमवार या मंगलवार को नई तारीखों की घोषणा करेगा।