उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, इलाहाबाद कार्यालय
सीबीआई की टीम उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सभी कंप्यूटरों से महत्वपूर्ण डाटा प्राप्त कर चुकी है। टीम अब दिल्ली लौट गई है लेकिन सूत्रों का कहना है कि 10 से 15 दिनों के भीतर सीबीआई टीम फिर इलाहाबाद लौटेगी।
सूत्रों के मुताबिक
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के कंप्यूटरों से मिले डाटा का
सीबीआई ने विश्लेषण शुरू कर दिया है। इसके साथ ही आयोग से जो दस्तावेज जब्त किए गए हैं, उनका और कंप्यूटर से प्राप्त संदिग्ध डाटा का मिलान भी शुरू कर दिया गया है।
माना जा रहा है कि इस मिलान के दौरान कई विसंगतियां सामने आ सकती हैं और उन्हीं के आधार पर सीबीआई की टीम अपनी जांच को आगे बढ़ाएगी।
सीबीआई ने आयोग के कुछ कर्मचारियों को भी चिह्नित किया है, जो पूर्व अध्यक्ष अनिल यादव के कार्यकाल में ज्यादा सक्रिय थे और इसकी शिकायतें भी सबसे अधिक आई हैं।
सीबीआई की टीम अब उन कर्मचारियों से पूछताछ की तैयारी में है। सीबीआई की इस कार्रवाई से उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में खलबली मची हुई है।