चिटफंड घोटाले की जांच कर रही केंद्रीय एजेंसी सीबीआई ने कहा है कि वह इस मामले में कोलकाता पुलिस आयुक्त राजीव कुमार से पूछताछ की तारीख खुद तय करेगी। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट का आदेश आने के बाद राजीव कुमार ने जांच एजेंसी को पत्र भेजकर आठ फरवरी को उसके सामने पेश होने की बात कही थी।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने राजीव कुमार को 19 फरवरी से पहले मेघालय की राजधानी शिलांग में सीबीआई के सामने पेश होने का निर्देश दिया था। लेकिन, सीबीआई के संयुक्त निदेशक पंकज श्रीवास्तव ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय एजेंसी खुद पुलिस आयुक्त से पूछताछ का समय तय करेगी।
फिलहाल, सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पढ़ा जा रहा है। उसके बाद ही पुलिस आयुक्त से पूछताछ की तारीख तय की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई पुलिस आयुक्त से जल्द पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए चिटफंड घोटालों की जांच टीम के प्रमुख, डीएसपी तथागत बर्मन की अगुवाई में पांच सदस्यों की टीम गठित की गई है।
बता दें कि राजीव कुमार से पूछताछ के लिए रविवार को उनके घर पहुंची सीबीआई की एक टीम को कोलकाता पुलिस के अधिकारियों और जवानों के हाथों अपमानित होना पड़ा था। टीम में शामिल अधिकारियों को शेक्सपियर सरणी थाने ले जाया गया था। वहां तीन घंटे बाद उन्हें छोड़ा गया था।
इस दौरान कोलकाता पुलिस ने सीबीआई के कार्यालय और अधिकारियों के आवास को घेर लिया था। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सीबीआई की कार्रवाई के विरोध में उसी रात धर्मतल्ला में धरने पर बैठ गई थीं।