तमिलनाडु में पुलिस हिरासत में पिता-पुत्र की मौत
- फोटो : ट्विटर
तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले के सथानकुलम थाने में पुलिस कस्टडी में हुई पिता-पुत्र की मौत मामले में जांच का जिम्मा अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने संभाल लिया है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने के मामले में हिरासत में लिए गए पिता और पुत्र की कथित तौर पर पुलिस यातना के बाद मौत हो गई थी।
अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि सीबीआई ने जांच के लिए एक विशेष दल को रवाना किया है। इस मामले में तमिलनाडु पुलिस के कई कर्मी जांच के दायरे में है और कई को राज्य पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार किया हुआ है।
सीबीआई के प्रवक्ता आर.के. गौर ने बताया, ‘सीबीआई ने तमिलनाडु सरकार के अनुरोध और इस संबंध में भारत सरकार की अधिसूचना के तहत तूतीकोरिन जिले के कोविलपट्टी में दो व्यापारियों की हिरासत में मौत के आरोपों के दो मामले भी दर्ज किए हैं।'
उन्होंने कहा कि सीबीआई इन मामलों की जांच कर रही है। तूतीकोरिन कोविलपट्टी ईस्ट पुलिस थाने में 2020 के अपराध संख्या 649 और 2020 के अपराध संख्या 650 के तौर पर इन मामलों को दर्ज किया गया है। सूत्रों ने बताया कि टीम मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की हिरासत हासिल करने की कोशिश कर रही है।
गौरतलब है कि बेनिक्स और जयराज की क्रमश: 22 और 23 जून को तूतीकोरिन जिले की सातनकुलम पुलिस की कथित यातना के बाद मौत हो गई थी। इन दोनों को 19 जून को गिरफ्तार किया गया था। इन दोनों को कोविड-19 लॉकडाउन के कारण लागू निषेधात्मक आदेशों का कथित तौर पर उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।