भाजपा नेता सोनाली फोगाट की गोवा में मौत के मामले की जांच सीबीआई ने अपने हाथ ले ली है। एक समाचार एजेंसी के अनुसार सीबीआई की एक टीम गोवा के उस रिसॉर्ट में पहुंची जहां वह अपनी मौत से पहले रुकी थीं। सीबीआई की टीम में फोरेंसिक विशेषज्ञ भी हैं। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशली मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें सोनाली फोगाट को बेसुध अवस्था में बाहर लाया जा रहा है।
सीबीआई की दो टीमें कर रही जांच
सीबीआई अधिकारियों ने सोनाली के परिवार को बताया था कि इस मामले में सीबीआई की दो टीमें बराबर जांच कर रही हैं। शुक्रवार को एक टीम जहां सोनाली फोगाट के पैतृक गांव भूथन कलां पहुंची तो दूसरी टीम गोवा के अंजुना थाने पहुंची। दूसरी टीम ने अंजुना थाने से केस से संबंधित कई दस्तावेज लिए हैं।
हरियाणा में सर्वखाप महापंचायत में दी गई थी आंदोलन की धमकी
हरियाणा के हिसार में सर्वजातीय सर्वखाप महापंचायत में खाप प्रतिनिधियों ने प्रदेश की भाजपा सरकार को अल्टीमेटम दिया था कि सोनाली हत्याकांड की जांच सीबीआई को 23 सितंबर तक नहीं सौंपने पर आंदोलन को तेज किया जाएगा। खाप प्रतिनिधियों की मांग पर पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने सोनाली फोगाट की बेटी यशोधरा की सुरक्षा में दो महिला पुलिस कर्मचारियों को तैनात कर दिए थे।
पांच लोगों को गिरफ्तार किया
गौरतलब है कि हरियाणा के हिसार से भाजपा नेता फोगाट की पिछले महीने गोवा में मौत हुई थी। ऐसी आशंका है कि उनकी हत्या की गई। गोवा पुलिस ने इस मामले के संबंध में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से दो व्यक्ति फोगाट के सहयोगी हैं। पुलिस ने इन दोनों पर हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।