सीबीआई ने बृहस्पतिवार को तमिलनाडु के वेल्लोर में तीन जगहों पर छापा मारा। यह कार्रवाई लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान कैश फॉर वोट मामले को लेकर एफआईआर दर्ज करने के बाद की गई है। कैश फॉर वोट मामले का खुलासा होने पर इस संसदीय सीट पर चुनाव रद्द कर दिया गया था। केंद्रीय एजेंसी ने इस मामले की जांच प्रदेश पुलिस से अपने पास ली थी। मामले की जांच आयकर विभाग और स्थानीय पुलिस कर रही थी।
वेल्लोर लोकसभा सीट के मतदाताओं के बीच बांटे जाने थे 11.48 करोड़ रुपये
एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि कैनरा बैंक के वेल्लोर ब्रांच के तत्कालीन वरिष्ठ मैनेजर एम दयानिधि और दामोदरन व श्रीनिवासन के परिसरों पर छापा मारा गया। एजेंसी ने इन तीनों के खिलाफ 22 सितंबर को एफआईआर दर्ज की थी। एक अप्रैल 2019 को दामोदरन के सीमेंट गोदाम से आयकर विभाग को नए छपे 2000 की नोट मिली थी। इनकी कीमत 11.48 करोड़ रुपये थी। इन नोटों को कैनरा बैंक की ब्रांच को जारी किए गए थे।
दामोदरन के रिश्तेदार श्रीनिवासन ने दावा किया था कि यह नकदी उसकी है और वह यह वेल्लोर संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं में बांटने के लिए थे। इस सीट पर 18 अप्रैल 2019 को चुनाव होना था। कर अधिकारियों की सूचना के बाद चुनाव आयोग ने इस सीट पर चुनाव रद्द कर दिया था।