सीबीआई ने नया आदेश जारी करते हुए कहा कि संयुक्त निदेशक वी मुरुगेसन विशेष निदेशक राकेश अस्थाना के खिलाफ मामले की जांच करते रहेंगे, एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
हालांकि इससे पहले खबर आई थी कि सीबीआई के संयुक्त निदेशक वी मुरुगेसन को विशेष निदेशक राकेश अस्थाना के खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों की जांच से हटाकर कोयला घोटाले से जुड़े मामलों की जांच का जिम्मा सौंपा गया है। एक आंतरिक आदेश में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई।
पीटीआई के पास मौजूद आदेश के अनुसार, निदेशक (प्रभारी) एम नागेश्वर राव से अस्थाना के खिलाफ जांच की जिम्मेदारी पाने वाले मुरुगेसन को ‘‘कोयला घोटाले से जुड़े मामलों को शीघ्र गति से पूरा करने के’’ प्रयासों के तहत स्थानान्तरित किया गया है।
आदेश में कहा गया कि मुरुगेसन संयुक्त निदेशक एसी (एचक्यू)-1 जोन का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है क्योंकि काम के ज्यादा बोझ वाला यह जोन उनका ज्यादातर ‘‘समय और ध्यान’’ ले लेता है।
मुरुगेसन का पदभार अब संयुक्त निदेशक जी के गोस्वामी को सौंपा गया है जो लखनऊ जोन की अपनी जिम्मेदारी के अलावा एसी (एचक्यू)-1 जोन भी संभालेंगे जहां अस्थाना के खिलाफ मामला दर्ज है।