केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बृहस्पतिवार को अपने चार अधिकारियों का कोलकाता शहर से तबादला कर दिया। इन चारों में से तीन डीएसपी और एक इंस्पेक्टर है। ये अधिकारी शारदा, रोज वैली और नारद टेप घोटालों की जांच में शामिल थे।
सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि नारद टेप मामले की जांच कर रहे डीएसपी रंजीत कुमार, शारदा पोंजी घोटाले की जांच में शामिल डीएसपी तथागत बर्धन और रोज वैली चिट फंड घोटाले की जांच में शामिल डीएसपी चोजोम शेरपा का तबादला किया गया है।
इसके अलावा इंस्पेक्टर ब्रैटिन घोषाल का भी तबादला किया गया है। घोषाल रोज वैली चिट फंड मामले के पूर्व जांच अधिकारी हैं। रंजीत और तथागत को नई दिल्ली, शेरपा को भुवनेश्वर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि यह नियमित तबादला प्रक्रिया है और यह तबादला नीति का हिस्सा है।
तबादला किए गए एक अधिकारी ने बताया कि यह व्यापक पैमाने पर किया गया है। उन्हें नहीं पता यह नियमित प्रक्रिया है या नहीं। इस महीने की शुरुआत में जांच एजेंसी ने डीआईजी अभय कुमार सिंह को कोलकाता की विशेष अपराध शाखा से नई दिल्ली स्थित आर्थिक अपराध विंग में तबादला कर दिया था।
इसी तरह से कोलकाता की आर्थिक अपराध-चतुर्थ में तैनात एसपी पार्थ मुखर्जी का तबादला नई दिल्ली में एडिशनल इंस्पेक्टर जनरल-नीति मुख्यालय में कर दिया गया था। मुखर्जी चिट फंड मामले की जांच कर रहे थे।