आतिशी मारलेना द्वारा कथित तौर पर सिख गुरु के अपमान के मुद्दे पर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज का कहना है कि यह घटना दिल्ली विधानसभा के भीतर हुई है, इसलिए नियमों के अनुसार इसकी जांच और कार्रवाई का विशेषाधिकार केवल विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) के पास है।
आतिशी मारलेना के द्वारा कथित तौर पर सिख गुरु के अपमान के मामले पर भाजपा आक्रामक तेवर अपनाए हुए है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस विवाद की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई से कराने पर भी विचार किया जा सकता है। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा है कि आतिशी मारलेना ने दिल्ली विधानसभा के अंदर सिख गुरु का अपमान किया है। विधानसभा के अंदर का मामला होने के कारण केवल विधानसभा स्पीकर को ही इस मामले की जांच कराने और कार्रवाई करने का अधिकार है। उन्होंने इस मामले की पंजाब पुलिस द्वारा जांच करने को पूरी तरह गैरवाजिब बताया।
विज्ञापन
इस मामले में दो फॉरेंसिक रिपोर्ट सामने आई हैं। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता द्वारा कराई गई जांच में यह साफ हुआ है कि वीडियो से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। विधानसभा की कार्रवाई के वर्बेटम में भी यह साफ हुआ है कि आतिशी मारलेना ने सदन के पटल पर कुछ आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग किया है जिसको लेकर पूरा विवाद मचा हुआ है। लेकिन आम आदमी पार्टी का कहना है कि पंजाब पुलिस के द्वारा कराई गई जांच में पाया गया है कि वीडियो से छेड़छाड़ की गई है।
पंजाब पुलिस अपनी सीमा का कर रही अतिक्रमण- बांसुरी स्वराज
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि आतिशी मारलेना ने सिख गुरुओं के बारे में दिल्ली विधानसभा के अंदर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। संविधान के अनुसार, ऐसा कोई विवाद सामने आने पर केवल विधानसभा के स्पीकर को ही कार्रवाई करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि पंजाब में जो मामला दायर किया गया है, उसमें दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा को नहीं, बल्कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को दोषी आरोपी बनाया गया है।
केजरीवाल और भगवंत मान भी दोषी- योगेंद्र चंदोलिया
भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि सिख गुरु का अपमान करने के मामले में जितना दोषी आतिशी मारलेना हैं, उतने ही दोषी अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान हैं। चंदोलिया ने आरोप लगाया कि केजरीवाल और भगवंत मान आतिशी को बचाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं और पंजाब पुलिस का दुरुपयोग कर रहे हैं, इसलिए सिख गुरुओं के अपमान पर उनका अपराध भी सिख समाज कभी माफ नहीं करेगा।
आतिशी मारलेना की मीडिया से दूरी बनाने पर योगेंद्र चंदोलिया ने सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें अपराध करके छिपना नहीं चाहिए। बल्कि सामने आकर अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए। चंदोलिया ने कहा कि पंजाब पुलिस ने कुछ ही घंटे में इस मामले की एफआईआर दर्ज कर रिपोर्ट भी दे दी। यह उनकी नीयत पर सवाल खड़े करता है।
धर्मगुरुओं का हमेशा अपमान करते हैं आप नेता- प्रवीण शंकर कपूर
दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख एवं प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि आतिशी मारलेना के द्वारा सिख गुरुओं का अपमान कोई नया मामला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेता आदतन धार्मिक गुरुओं का अपमान करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके पहले आम आदमी पार्टी के नेता राजेंद्र पाल गौतम ने भी धर्मगुरुओं और हिंदू देवी-देवताओं के बारे में बेहद अभद्र भाषा का उपयोग किया था। उन्होंने कहा कि इसी तरह सौरभ भारद्वाज ने भी ईसाई समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया था।