सीबीआई के रडार पर सीजीएसटी इंस्पेक्टर
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने हरियाणा के पंचकूला में तैनात सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (सीजीएसटी) के एक अधीक्षक के आवास पर तलाशी के दौरान लगभग 1.86 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी, विदेशी मुद्रा, सोना और चांदी बरामद की है। इस अधीक्षक को 19 नवम्बर को रिश्वतखोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
सीबीआई ने 19 नवम्बर को आरोपी अधीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप है कि उसने एक निजी फर्म के खिलाफ जीएसटी कार्यवाही में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले अवैध रिश्वत की मांग की थी। पंचकूला में सीबीआई द्वारा बिछाए गए जाल के दौरान, आरोपी को शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था।
इसके बाद 20 नवंबर को तलाशी में 24.29 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा, लगभग 15.65 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा, और सोने के आभूषण, सोने की ईंटें तथा चांदी बरामद की गईं, जिनका कुल मूल्य लगभग 1.46 करोड़ रुपये है। इस तरह कुल बरामदगी का मूल्य लगभग 1.86 करोड़ रुपये है।
तलाशी के दौरान छह बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, एक जीवन बीमा पॉलिसी और कई अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। इसके अलावा, एक वाहन और आरोपी तथा उसके परिवार के सदस्यों के वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।
बरामद किए गए वित्तीय और संपत्ति संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों की संपत्ति, निवेश और वित्तीय लेन-देन का पता लगाया जा सके।