केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने एक सोना तस्कर को पकड़ने में एनआईए की मदद की है। आरोपी के खिलाफ इंटरपोल का नोटिस जारी था, जिसके बाद सीबीआई की मदद से एनआईए उसे सऊदी अरब से गिरफ्तार करके भारत लाई है। सीबीआई ने एक बयान जारी कर कहा है कि सीबीआई के ग्लोबल ऑपरेशंस सेंटर ने इंटरपोल चैनल्स की मदद से मोहब्बत अली को भारत लाने में एनआईए के साथ समन्वय किया। मोहब्बत अली के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी था।
सोना तस्करी का आरोपी है मोहब्बत अली
सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को 17 अगस्त को 2023 को सऊदी अरब से भारत लाया गया है। मोहब्बत अली एनआईए के लिए वांछित था और उसके खिलाफ 13 सितंबर 2021 को रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ था। मोहब्बत अली पर आरोप है कि वह सऊदी अरब के रियाद से अवैध रूप से सोने की ईटें भारत में तस्करी करता था। उसके खिलाफ एनआईए ने मामला दर्ज किया था, जिसे अब सऊदी अरब से गिरफ्तार कर भारत लाया गया है।
एनआईए ने जुलाई 2020 में सोने की तस्करी से जुड़े मामले में एफआईआर दर्ज की थी। इस एफआईआर में मोहब्बत अली समेत 18 लोगों को नामजद किया गया था। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने 10 लोगों से 18.5 किलो की सोने की ईंटें बरामद की थी। इसी मामले में मोहब्बत अली भी वांछित था।