हरिद्वार में तीन करोड़ के बैंक धोखाधड़ी केस में छापा पड़ा। मामला शिवालिक नगर स्टेट बैंक ब्रांच से 13 लोन देने का है। आरोप है कि लोन देने से पहले तकनीकी कार्रवाई पूरी नहीं की गई। वहीं, श्रीनगर, जम्मू और उधमपुर में 11 जगहों पर बंदूक के फर्जी लाइसेंस और खरीद-फरोख्त को लेकर छापे पड़े। जबलपुर में 980 एकड़ जमीन के फर्जी सौदे मामले में कार्रवाई हुई। इसमें फर्जी स्टांप पेपर और सरकारी मुहर का इस्तेमाल किया गया था।
यूपी में बैंक फ्रॉड मामले में कार्रवाई
गाजियाबाद और बुलंदशहर में पांच जगहों पर छापेमारी हुई। मामला पीएनबी की मेरठ रोड ब्रांच में कान्हा सेल्स कॉरपोरेशन के केवाईसी नियमों का उल्लंघन कर खाता खोलने से जुड़ा है। आरोप है कि नोटबंदी के दौरान कंपनी के खाते में 500-1000 के 58.5 लाख रुपये के नोट जमा किए गए। कानपुर की ब्रिटिश इंडिया कॉरपोरेशन लिमिटेड के तत्कालीन सीएमडी वीके दुग्गल, कंपनी सचिव केवी वाजपेयी के खिलाफ कंपनी की संपत्तियों की बिक्री के दौरान गड़बड़ी के मामले में सीबीआई ने छापेमारी की।
सीबीआई ने मायावती राज में हुए चीनी मिल सौदे को लेकर लखनऊ में पूर्व नौकरशाह नेतराम और विनय प्रिय दुबे के आवासों को खंगाला। गोमतीनगर और अलीगंज स्थित दोनों अफसरों के आवास पर घंटों पड़ताल हुई।
2007 से 2012 के बीच यूपी की सीएम रहीं मायावती के सचिव रहे नेतराम चीनी मिलों के सौदे के समय प्रमुख सचिव गन्ना विभाग, जबकि दुबे एमडी चीनी निगम थे। सीबीआई ने बसपा के पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल के बेटों वाजिद अली और मोहम्मद जावेद के ठिकानों पर भी छापा मारा।
सहारनपुर में नम्रता मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड और गिरियाशों कंपनी के मालिकों के घरों व दफ्तरों की जांच की। इन्हीं कंपनियों ने अधिकतर मिलें खरीदी थीं। इकबाल की एक कंपनी के निदेशक सौरभ मुकुंद और मुनीम नसीम के घर से अहम दस्तावेज जब्त किए। जांच के दौरान सीबीआई ने 11 लाख रुपए नगद भी जब्त किए।
दीपक तलवार के 11 ठिकानों की भी जांच
सीबीआई ने दिल्ली के जसोला स्थित कृष बिल्डटेक के ऑफिस की भी जांच की। गौरतलब है कि कृष बिल्डटेक का नाम हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के खिलाफ चल रही जांच में भी आया था। सीबीआई ने कॉरपोरेट लॉबिस्ट दीपक तलवार और उसकी कंपनी एडवांटेज इंडिया के दिल्ली में मुनरिका, कृष्णा नगर, लक्ष्मी नगर, निर्माण विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, द्वारका, पीतमपुरा और तुर्कमान गेट स्थित 11 परिसरों की पड़ताल की।