सीबीआई ने श्रम लाइसेंस जारी करने के बदले कथित रिश्वत लेने के आरोप में श्रम अधिकारी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई सूत्रों ने रविवार को बताया कि आरोपियों की पहचान मदुरै स्थित क्षेत्रीय श्रम आयुक्त पी शिवराजन और चेन्नई के एन मुरली के रूप में हुई है।
सीबीआई के बयान में कहा गया है कि निजी कंपनी के प्रतिनिधि से श्रम लाइसेंस जारी करने के बदले रिश्वत मांगने को लेकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाया और 30,000 की रिश्वत की रकम के लेनदेन के दौरान दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पेशी के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को 4 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।