सीबीआई ने भ्रष्टाचार के आरोप में ओडिशा हाईकोर्ट के पूर्व जज आईएम कुद्दुसी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल स्कैम मामले में सीबीआई ने पूर्व जज समेत पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। सीबीआई की मांग पर कोर्ट ने पूर्व जज समेत 5 आरोपियों को 4 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सीबीआई ने 20 सितंबर को रिटायर्ड जज समेत पांच लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में एफआईआर दर्ज की थी।साथ ही आठ स्थानों पर छापेमारी भी की गई थी।
इससे पहले 20 सितंबर को सीबीआई प्रवक्ता भावना पांडे और सुधीर गिरी ने बताया कि रिटायर्ड जज इशरत मसरूर कुद्दुसी, लखनऊ में मेडिकल कॉलेज संचालित करने वाले प्रसाद एजुकेशनल ट्रस्ट के बीपी यादव, पलाश यादव और एक बिचौलिए बिश्वनाथ अग्रवाल व दो अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों में केस दर्ज किया है। जस्टिस (रिटायर्ड) कुद्दुसी साल 2004 से 2010 के बीच ओडिशा हाईकोर्ट में जज थे।
CBI arrested 5 accused including, former Odisha HC judge IM Quddusi, in an ongoing corruption case
— ANI (@ANI) September 21, 2017
उन्होंने बताया कि एजेंसी ने जज के घर समेत आठ ठिकानों पर छापेमारी की है। इसमें भुवनेश्वर और लखनऊ में तलाशी भी शामिल है। सीबीआई की एफआईआर के मुताबिक लखनऊ के प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस उन 46 मेडिकल इंस्टीट्यूट्स में शामिल था जिन्हें आधारभूत ढांचे में कमी के कारण नए छात्रों के एडमिशन लेने पर रोक लगा दी गई थी।