केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन नितिन गुप्ता ने दावा किया है कि आम बजट में नई आयकर व्यवस्था को और आकर्षक बनाया गया है। कर दरों में की गई कटौती का लाभ ज्यादातर करदाताओं को मिलेगा। गुप्ता ने कहा, देश में करीब 3.5 करोड़ वेतनभोगी करदाता हैं। हर वेतनभोगी करदाता अगर पुरानी कर व्यवस्था को छोड़ नई व्यवस्था चुनता है, तो उसे नुकसान नहीं होगा क्योंकि नई व्यवस्था में भी स्टैंडर्ड डिडक्शन (मानक कटौती) का लाभ मिलेगा।
ऑनलाइन कैलकुलेटर की सुविधा मिलेगी
गुप्ता ने बताया कि दोनों व्यवस्था में कर देनदारी की तुलना करने के लिए करदाताओं को पहले की तरह ही ऑनलाइन टैक्स कैलकुलेटर की सुविधा दी जाएगी।
रियायत-मुक्त सरल आयकर व्यवस्था लाना लक्ष्य : मल्होत्रा
राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा ने कहा कि करदाताओं के लिए नई व्यवस्था को अनिवार्य बनाने की कोई समय-सीमा नहीं रखी है। लेकिन, सरकार का लक्ष्य कम दर वाला रियायत-मुक्त सरल आयकर ढांचा लाना है। हम कर की कम दर वाली व्यवस्था अपनाना चाहेंगे, जो सरल व बिना छूट वाली हो। नई व्यवस्था उनके लिए बेहतर है, जो पर्याप्त निवेश नहीं करते।